नहाय-खाय के साथ ही शुरू हुआ छठ महापर्व
नई दिल्ली। नहाय-खाय के साथ ही आज मंगलवार से शुरू हो गया छठ महापर्व। 100 से अधिक स्थानों पर यह पर्व मनाया जाएगा। पूजा समितियां घाट को सजाने सहित तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटीं हैं। मंगलवार को छठ मैया की स्थापना की जाएगी। घर की साफ-सफाई और स्नान के बाद कद्दू और चने की दाल से बनी सब्जी के साथ चावल का भोग ग्रहण किया जाएगा। इसके बाद बुधवार को खरना की शाम से 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। खरने में गुड़ और दूध से बनी खीर खाई जाती है। खीर को प्रसाद के रूप में वितरित किया जाता है। सूर्य उपासना से पूर्व महापर्व छठ में खरना का विशेष महत्व है। खरना के दिन जो प्रसाद बनता है उसे नए मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ अथवा गन्ने के रस से खीर बनाया जाता है। व्रती इस खीर का प्रसाद अपने हाथों से पकाती हैं। खरना के दिन व्रती महिलाएं और पुरुष दिनभर उपवास कर शाम में सिर्फ एक ही समय प्रसाद के तौर पर खरना का भोजन करते हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से शरीर से लेकर मन तक शुद्ध हो जाता है। प्रसाद ग्रहण करने के बाद श्रद्धालु गुरुवार शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। शुक्रवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। कोंडली विधान सभा के अंतर्गत भी कई जगहों पर छठ पूजा को लेकर तैयारियां जोरों पर है। मयूर विहार फेज थ्री में भी हर साल की भांति इस साल भी रेड फॉक्स होटल के पास स्थित पार्क में छठ पूजा को लेकर कृत्रिम घाटों का निर्माण किया जा रहा है साथ ही साफ-सफाई के साथ ही प्रकाश की भी उत्तम व्यवस्था की जा रही है।
बताया जाता है कि यहां हर साल काफी संख्या में ब्रती आकर भगवान भास्कर को अर्ध्य देते हैं। रात्रि के समय मे सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाता है। कोंडली विधानसभा से आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार मोनू तथा पार्टी के कार्यकर्ता भी यहां मौजूद रहते हैं। छठ ब्रतियों को किसी प्रकार की कोई समस्या का सामना न करना पडे इसके लिए “आप” पार्टी के कार्यकर्ता के साथ ही सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए जाते हैं।
