एक हज़ार घाटों पर होगा छठ महापर्व का आयोजन : आतिशी

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने मंगलवार को कहा कि सरकार द्वारा बनाए गए 1000 घाटों पर छठ महापर्व का आयोजन भव्यता से होगा। सुश्री आतिशी ने सभी को छठ की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारे पूर्वांचली भाई.बहन दिल्ली का अभिन्न हिस्सा हैं इसलिए उन्हें छठ मनाने के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं है। वर्ष 2014 तक दिल्ली में सिर्फ 60 घाट बनते थे लेकिन अब 1000 से अधिक घाटों पर धूमधाम से छठ महापर्व का आयोजन होता है। दिल्ली सरकार के प्रयासों से छठ का त्योहार पूर्वांचलियों के साथ-साथ सभी दिल्लीवालों का महापर्व बन गया है।
उन्होंने कहा कि मंगलवार 4 नवंबर से नहाय.खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत हो चुकी है। छठ का त्योहार हमारे पूर्वांचली भाई- बहनों के लिए साल का सबसे महत्वपूर्ण त्योहार होता है। एक समय ऐसा था जब दिल्ली में रहने वाले,  काम करने वाले पूर्वांचली भाई- बहनों को छठ आते ही ट्रेनों, बसों में भीड़भाड़ में दूर अपने गांव त्योहार मनाने जाना पड़ता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें इस बात की ख़ुशी है कि पिछले 10 साल में जब से दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है तब से अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में दिल्ली में छठ के इस महापर्व को बहुत धूमधाम से मनाया जाता है ताकि दिल्ली में रहने वाले,  काम करने वाले पूर्वांचली भाई- बहनों को इस त्योहार को मनाने के लिए दिल्ली छोड़ना न पड़े।

Leave A Reply

Your email address will not be published.