निगम उपचुनाव में आप पार्टी ने मारी बाजी

सीएम केजरीवाल ने जताया जनता का आभार


नई दिल्ली। दिल्ली में पांच सीटों पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के चार उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। आप मुख्यालय में जश्न का माहौल नजर आया। पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए सीएम अरविंद केजरीवाल पार्टी मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई दी। पार्टी कार्यकर्ता ढोल नगाड़ों पर डांस करते नजर आए।

पार्टी मुख्यालय में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदियाए प्रदेश संयोजक व कैबिनेट मंत्री गोपाल राय और राज्यसभा सदस्य सुशील गुप्ता भी पहुंचे। सीएम केजरीवाल ने निगम उपचुनाव में 5 में से 4 सीटें जीतने पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी और जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जो जीरो सीट भाजपा की आई है वह बताती है कि जनता कह रही है कि भाजपा को अगले निगम चुनाव में जीरो पर ला देंगे। केजरीवाल ने कहा कि संविधान के हिसाब से जो पैसा नगर निगमों का बनता था सब दे दिया है। मगर भाजपा वाले निगमों के लिए पैसे मांगते रहते हैं। भाजपा ने इसके बैनर लगाए। ये जनता ने पसंद नही किया और अपना जवाब दे दिया है।

सीएम केजरीवाल ने कहा कि हमारे जीते हुए पार्षद ईमानदारी से काम करें। अच्छे से काम करें। हम निगम की सत्ता में पहुंच कर दिल्ली की सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के इंतजार में हैं।वहीं, मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि निगम में भाजपा के शासन से दिल्ली की जनता अब दुखी हो चुकी है। अगले साल होने वाले  चुनाव में जनता सीएम केजरीवाल की ईमानदार और काम करने वाली राजनीति को लेकर आएगी। बता दें कि पांच सीटों में से चार वार्ड शालीमार बाग 62 एन, रोहिणी सी 32 एन वार्ड, कल्याणपुरी और त्रिलोकपुरी से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस को एक वार्ड में जीत मिली है जबकि भाजपा का खाता भी नहीं खुला है। दिल्ली नगर निगम में भाजपा सत्ता में है इसलिए आप नेता चार वार्डों में पार्टी की जीत को बहुत बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.