नंदीग्राम में ममता, सुवेंदु के बीच संग्राम
बंगाल में भाजपा ने 57 सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने 57 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का एलान किया है। इसके मुताबिक भाजपा ने नंदीग्राम से सुवेंदु अधिकारी को चुनाव मैदान में उतारा है। मालूम हो कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने नंदीग्राम सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है। ऐसे में नंदीग्राम का चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प होगा।
पार्टी महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी अशोक डिंडा और पूर्व आईपीएस अधिकारी भारती घोष को भी मौका दिया गया है। भाजपा ने एक सीट सहयोगी पार्टी एजेएसयू को दी है। भाजपा ने पहले दो चरणों के लिए 60 में से तीन को छोड़कर बाकी सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का एलान कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि चुनाव समिति की बैठक भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की अगुवाई में चार मार्च को हुई थी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी एवं चुनाव समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे। इन नेताओं ने बंगाल के नेताओं के साथ मंथन कर उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम फैसला लिया।
