सदर बाजार में आग लगने से लाखों का सामान राख
नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के भीड़भाड़ वाले सदर बाजार इलाके में शनिवार अपराह्न एक तीन मंजिला इमारत में आग लगने से लाखों के सामान जल कर राख हो गये।
आग पहली मंजिल पर लगी थी। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के अलावा दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची।
दमकलकर्मियों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार आग बुझाने के दौरान दो दमकलकर्मी घायल हो गये। घायल कर्मियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां एक को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजय तोमर ने बताया कि 15.49 पर आग लगने की सूचना मिली थी। आग तीन मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर लगी थी। आग बुझाने के दौरान एक दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। अभी तक किसी और के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
