ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर पुलिस अफसर समेत कई निलंबित
पटना। पटना के बहुचर्चित पारस अस्पताल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में लापरवाही बरतने वाले शास्त्रीनगर थाना के दो दरोगा, दो सहायक दरोगा और दो सिपाहियों को एसएसपी ने निलंबित कर दिया है। जांच में सामने आया कि इन पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी के दौरान गंभीर कर्तव्यहीनता दिखाई जिसके चलते यह सख्त कदम उठाया गया है।
इस बीच पुलिस को इस हत्याकांड में बड़ी सफलता भी मिली है। बताया जाता है कि पटना पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार तड़के कोलकाता के पास न्यू टाउन इलाके से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी एक आवासीय परिसर में छिपे थे। पटना पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है। इनके तार सीधे शेरू गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं जिसने चंदन मिश्रा की हत्या की सुपारी दी थी।
गौरतलब है कि राजधानी पटना में दिनदहाड़े इस हत्याकांड को लेकर पुलिस प्रशासन पर कई सवाल उठ खडे हुए थे तथा सरकार की भी किरकिरी हो रही थी। विपक्षी दल भी इस मामले को लेकर सरकार को जहां घेर रही थी वहीं पटना पुलिस को लेकर काफी गुस्से में थे। बिहार मे लगातार हो रहे हत्याकांड को लेकर लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा था।
