पीसी चाको ने छोड़ी पार्टी, सोनिया गांधी को भेजा इस्तीफा


नई दिल्ली। केरल में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को करारा झटका देते हुए कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता पीसी चाको ने पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने बुधवार को पार्टी से अपने इस्तीफे की खुद घोषणा की। चाको ने अपना इस्‍तीफा पार्टी की अंतरिम अध्‍यक्ष सोनिया गांधी को भेज दिया है। चाको ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं द्वारा समूहवाद का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केरल में पार्टी बहुत सक्रिय है लेकिन ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि पार्टी केरल में दो अलग पार्टियों की तरह काम कर रही है। बता दें कि चाको केरल की त्रिशूर लोकसभा सीट से संसद के पूर्व सदस्य हैं।
कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद पीसी चाको ने कहा कि मैंने कांग्रेस पार्टी छोड़ दी है और अपना इस्तीफा पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेज दिया है। मैं पिछले कई दिनों से इस फैसले पर विचार-विमर्श कर रहा था। उन्होंने कहा कि केरल कांग्रेस की टीम के साथ काम करना मुश्किल है। मैं केरल से आता हूं, जहां कोई कांग्रेस पार्टी नहीं है। यहां सिर्फ दो पार्टियां हैं. कांग्रेस ;आई, और कांग्रेस ए जो केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी में दो समूहों के तौर पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केरल एक महत्वपूर्ण चुनाव का सामना करने जा रहा है। लोग चाहते हैं कि कांग्रेस वापस आए लेकिन कांग्रेस के शीर्ष नेताओं द्वारा समूहवाद फैलाया जा रहा है। मैंने आलाकमान से इसे समाप्त करने की अपील भी की लेकिन हाईकमान दोनों समूहों द्वारा दिए गए प्रस्ताव पर सहमत है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.