नंदीग्राम से ममता ने किया नामांकन

कोलकाता। बंगाल के चुनावी अखाड़े में सबसे हाई वोल्टेज सीट बन चुका नंदीग्राम आज लोगों की जुवां पर ज्यादा छा गया है। इसका प्रमुख कारण है यहां दो दिग्गजों की टक्कर। बुधवार को मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने यहां से अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इस सीट पर ममता का मुकाबला हाल में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी के साथ है।
मुख्यमंत्री ने दोपहर करीब 1.40 बजे हल्दिया पहुंच एसडीओ दफ्तर में इस सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। दरअसल ममता कोलकाता के परंपरागत भवानीपुर सीट छोड़कर इस बार नंदीग्राम सीट से चुनाव लड़ने जा रही है। ममता ने साल 2007-08 में बहुचर्चित नंदीग्राम आंदोलन का नेतृत्व किया था। इस आंदोलन ने साल 2011 में बंगाल से 34 साल लंबे वामपंथी शासन का अंत करने में अहम भूमिका निभाई थी। इधर कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम सीट से विधायक थे, लेकिन तृणमूल छोड़ने के साथ उन्होंने विधायक पद से भी इस्तीफा दे दिया था। अब इस सीट पर ममता व सुवेंदु के बीच बहुत ही रोचक मुकाबला है। नंदीग्राम सीट पर दूसरे चरण में 1 अप्रैल को मतदान होगा।
