तीरथ के सिर सजा ‘देवभूमि‘ का ताज

ली मुख्यमंत्री पद की शपथ


देहरादून। तीरथ सिंह रावत ने उत्तराखंड के 10वें मुख्यमंत्री पद की कमान संभाल ली है। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। बुधवार को केवल मुख्यमंत्री के रूप में तीरथ सिंह रावत को ही शपथ दिलाई गई। मंत्रियों का शपथ ग्रहण बाद में होगा। बुधवार सुबह भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित विधायक दल की बैठक में कार्यवाहक मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने तीरथ सिंह के नाम का प्रस्ताव कियाए जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। शाम चार बजे राजभवन में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड के 10वें मुख्यमंत्री हैं। तीरथ का नेता चुना जाना सभी को चौंका गया, क्योंकि उनका नाम प्रमुख दावेदारों में शुमार नहीं किया जा रहा था। सीएम पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद तीरथ सिंह रावत ने कहा मैं पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी का शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया। एकमात्र पार्टी कार्यकर्ताए जो एक छोटे से गांव से आता है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं यहां तक पहुंचूंगा। हम लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करने और पिछले चार सालों में किए गए कार्यों को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे।
विदित हो कि चार दिन की राजनीतिक हलचल के बाद केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात के बाद देहरादून लौटने पर मंगलवार शाम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। नया नेता चुनने के लिए बुधवार सुबह देहरादून में भाजपा विधानमंडल दल की बैठक बुलाई गई। बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह व प्रदेश भाजपा प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम मौजूद थे। बैठक में सभी सांसदों को भी बुलाया गया। उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य व भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी के अलावा पांचों लोकसभा सदस्य व राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल बैठक में शामिल हुए। इनमें हरिद्वार सांसद व केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, पौड़ी गढ़वाल के सांसद तीरथ सिंह रावत, नैनीताल के सांसद अजय भट्ट व अल्मोड़ा के सांसद अजय टम्टा शामिल थे। लगभग 11 बजे बैठक आरंभ हुई जिसमें कार्यवाहक मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने तीरथ सिंह रावत के नाम का प्रस्ताव किया जिस पर सर्वसम्मति से मुहर लगा दी गई। तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड की पहली अंतरिम सरकार में शिक्षा राज्य मंत्री रहे हैं। उन्हें संगठन का भी अनुभव रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.