सीएम केजरीवाल ने की अमित शाह की तारीफ

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के तीसरे दिन बुधवार को उपराज्यपाल अनिल बैजल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने कोरोना काल के दौरान किए गए कामों को सराहा। इसी के साथ अरविंद केजरीवाल ने गृहमंत्री अमित शाह की भी तारीफ की। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में कोरोना काल कठिन समय था। ऐसे समय में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी बेहतरीन काम किया।
बता दें कि दिल्ली में कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों के बीच अमित शाह ने ताबड़तोड़ बैठकें करके कई अहम कदम उठाए थे। इसके बाद कोरोना के मामलों में कमी भी आई थी। सदन में अपनी बात रखते हुए अरविंद केजरीवाल ने विपक्ष की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा के विधायकों ने भी बेहतर काम किया है। यह संकट इतना बड़ा था कि किसी एक सरकार के बस की बात नहीं थी। सबसे बड़ी बात है कि डाक्टरों ने सबसे बेहतर काम किया। वह नहीं करते तो सब कैसे होता। श्री केजरीवाल ने कहा कि कोरोना काल के दौरान राजधानी में आम आदमी पार्टी सरकार ने जनता के साथ मिलकर बेहतर से बेहतर काम करने की कोशिश की। उन्होंने यह भी कहा कि जिस भी तरीके से सरकार जनता की सेवा कर सकती थी सरकार ने की, इस दौरान सभी ने बेहतर काम किया।
