कारगिल दिवस पर मुर्मु ने सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की
नई दिल्ली। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 1999 के करगिल युद्ध के वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की और इस दिन को देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले भारतीय सैनिकों के असाधारण पराक्रम, अटूट साहस और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक बताया।
राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में लिखा कि कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मैं मातृभूमि के लिए प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। यह दिन हमारे जवानों के असाधारण पराक्रम, साहस और दृढ़ निश्चय का प्रतीक है। राष्ट्र के लिए उनका समर्पण और सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
