इंद्रलोक से दिल्ली बॉर्डर तक बनेगा एलिवेटेड रोड : रेखा
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को यहां पीतमपुरा के विभिन्न ब्लॉकों में जन उपयोगी परियोजनाओं का उद्घाटन और विकास कार्यों का निरीक्षण करने के बाद कहा कि क्षेत्र से निकलने वाली मुनक नहर के ऊपर जल्द ही एलिवेटेड कॉरिडोर बनना शुरू हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने मुनक नहर से जुड़ी एलिवेटेड सड़क परियोजना के बारे में कहा कि यह सड़क इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन से लेकर दिल्ली बॉर्डर तक बनेगी और आउटर एवं इनर रिंग रोड के बीच की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी। उन्होंने कहा कि इस रोड के बन जाने से ट्रैफिक की समस्या बहुत हद तक कम होगी। इस योजना में नहर के दोनों ओर सड़क और ऊपर एलिवेटेड रोड का निर्माण प्रस्तावित है जिससे यह क्षेत्र दिल्ली के सबसे सुंदर इलाकों में गिना जाएगा। उन्होंने प्रेमबाड़ी पुल से सिंगलपुर गांव तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना कार्य का भी निरीक्षण किया और शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही लाला जगत नारायण मार्ग पर एनएसपी से मधुबन चौक पर प्रस्तावित यू टर्न का भी शिलान्यास किया।
श्रीमती गुप्ता ने कहा कि इस क्षेत्र में 15 नए “आरोग्य मंदिर” खोले जा रहे हैं जो प्राइमरी हेल्थ केयर की सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। साथ ही मैक्स अस्पताल के पास में स्थित वर्षों से अधूरा पड़ा भवन अब एक अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के रूप में विकसित किया जाएगा। हर ब्लॉक में नई जल पाइपलाइन और सीवर लाइनें बिछाई जा रही हैं ताकि सड़क निर्माण कार्य के पहले ही बुनियादी समस्याओं का हल निकाला जा सके।
