अगस्त का महीना क्रांति का प्रतीक : मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” में कहा कि देश में अंतरिक्ष स्टार्टअप्स भी तेजी से बढ़ रहे हैं। पांच साल पहले अंतरिक्ष के क्षेत्र में 50 से भी कम स्टार्टअप थे। आज उनकी संख्या 200 से ज्यादा हो गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी हाल ही में शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष से वापसी को लेकर देश में बहुत चर्चा हुई। जैसे ही शुभांशु धरती पर सुरक्षित उतरे लोग उछल पड़े, हर दिल में खुशी की लहर दौड़ गई। पूरा देश गर्व से भर गया। मुझे याद है जब अगस्त 2023 में चंद्रयान.3 की सफल लैंडिंग हुई थी,तब देश में एक नया माहौल बना। विज्ञान को लेकर, अंतरिक्ष को लेकर बच्चों में एक नई जिज्ञासा भी जागी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी के भारत में आज विज्ञान एक नयी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहा है। कुछ दिन पहले हमारे छात्रों ने अंतर्राष्ट्रीय रसायन विज्ञान ओलंपियाड में पदक जीते हैं। देवेश पंकज, संदीप कुची, देबदत्त प्रियदर्शी और उज्ज्वल केसरी इन चारों ने भारत का नाम रोशन किया। गणित की दुनिया में भी भारत ने अपनी पहचान को और मजबूत किया है।ऑस्ट्रेलिया में हुए अंतर्राष्ट्रीय गणितीय ओलंपियाड में हमारे विद्यार्थियों ने 3 गोल्ड,  2 रजत और 1 कांस्य पदक हासिल किया है। उन्होंने कहा कि अगले महीने 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस है।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अगस्त महीने की चर्चा करते हुए इसे खास बताया। उन्होंने कहा कि 11 अगस्त 1908 को अंग्रेजों के खिलाफ अपना देश.प्रेम व्यक्त करने की कीमत खुदीराम बोस को चुकानी पडी। एक अगस्त को लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि होती है। इसी महीने आठ अगस्त को महात्मा गांधी के नेतृत्व में भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत हुई थी। फिर आता है 15 अगस्तए हमारा स्वतंत्रता दिवस, हम अपने स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हैं, उनसे प्रेरणा पाते हैं, लेकिन साथियों हमारी आजादी के साथ देश के बंटवारे की टीस भी जुड़ी हुई है इसलिए हम 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाते हैं। सात अगस्त 1905 को एक और क्रांति की शुरुआत हुई थी। स्वदेशी आंदोलन ने स्थानीय उत्पादों और खासकर हैंडलूम को एक नई ऊर्जा दी थी। इसी स्मृति में देश हर साल 7 अगस्त को राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस मनाता है। आज जब देश विकसित भारत बनने के लिए कदम बढ़ा रहा है तो टेक्सटाइल सेक्टर देश की ताकत बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन की ताकत और इसकी जरूरत आज भी वैसी ही है और 11 वर्षों में स्वच्छ भारत मिशन एक जन.आंदोलन बन गया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.