दो साइबर ठगों को किया गिरफ्तार
वाराणसी। वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने मध्य प्रदेश से दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है जो फर्जी वेबसाइट और ऐप के जरिए शेयर ट्रेडिंग का लालच देकर लोगों को ठगते थे।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) सरवरन टी. ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के सिहोर, भाटीखेड़ा निवासी रवि ठाकुर उर्फ रविंद्र सिंह और देवास सोनकच्छ निवासी नितेश सिंह के रूप में हुई है। दोनों को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वे लाइव कॉल के दौरान ठगी कर रहे थे। साइबर क्राइम थाने की पुलिस इन बदमाशों को 7.11 लाख रुपए की ठगी के मामले में तलाश रही थी। ये लोग शेयर ट्रेडिंग के नाम पर छोटे निवेश कराकर पहले मुनाफा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे और बाद में बड़े निवेश कराकर ठगी करते थे। पुलिस ने इनके पास से मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
