फिर शुरू होगी यू स्पेशल बस सेवा : रेखा
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि वर्षों से बंद पड़ी यू स्पेशल बस सेवाओं को फिर से शुरू किया जाएगा।
श्रीमती गुप्ता ने आज दिल्ली विश्वविद्यालय के अधीन संचालित सोशल सेंटर स्कूल के नए शैक्षणिक ब्लॉक का उद्घाटन के बाद यह घोषणा की कि वर्षों से बंद पड़ी यू स्पेशल बस सेवाओं को फिर से शुरू किया जाएगा। ये बसें अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगी, जिनमें एयर कंडीशनिंग, एलईडी लाइटिंग और म्यूज़िक सिस्टम जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि दिल्ली विश्वविद्यालय को कुछ स्कूलों को गोद लेना चाहिए ताकि विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और छात्र नियमित रूप से इन विद्यालयों में जाकर स्कूली बच्चों का मार्गदर्शन करें। उन्होंने कहा कि कॉलेज आने.जाने में विद्यार्थियों को जो कठिनाइयां होती हैं उसे देखते हुए हम यू स्पेशल बस सेवा दोबारा से शुरू करने जा रहे हैं ताकि विद्यार्थियों को सुलभ, सुरक्षित और सम्मानजनक परिवहन सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री ने सोशल सेंटर स्कूल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि 1947 में सामाजिक सेवा के उद्देश्य से शुरू हुआ यह स्कूल अब एक भव्य चार मंज़िला इमारत और 21 आधुनिक कक्षाओं वाले संस्थान में बदल चुका है। मुख्यमंत्री ने मौके पर विद्यालय को कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई के लिए मान्यता देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि आज अभिभावक अपने बच्चों को सरकारी विश्वविद्यालय और कॉलेजों में भेजने को उत्सुक हैंए लेकिन सरकारी स्कूलों के नाम पर पीछे भी हटते हैं। इसका कारण है कि सरकारी स्कूलों की छवि और गुणवत्ता को लेकर गलत धारणा बनी हुई है लेकिन अब यह स्थिति बदलेगी। हमारी सरकार दिल्ली के सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों से बेहतर बनाएगी, इतना बेहतर कि लोग खुद गर्व से अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में दाखिल कराएंगे।
