आरिफ खान, नीतीश ने स्वतंत्रता सेनानियों को दी श्रद्धांजलि

पटना। बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने  शहीद दिवस के अवसर पर अमर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।  श्री खान और श्री कुमार ने सोमवार को यहां शहीद स्मारक परिसर में आयोजित राजकीय समारोह में 11 अगस्त 1942 को आजादी के मतवाले सात अमर शहीद उमाकांत प्रसाद सिंह, रामानन्द सिंह,  सतीश प्रसाद झा, जगतपति कुमार, देवीपद चौधरी, राजेन्द्र सिंह एवं राम गोविन्द सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

  उन्होंने देश के प्रति दी गयी उनकी कुर्बानियों को याद कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह,  बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नन्द किशोर यादव,  पूर्व मंत्री श्याम रजक सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ,  मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना प्रमण्डल के आयुक्त डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, अमर शहीदों के परिजन एवं गणमान्य व्यक्तियों ने अमर शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद राज्यपाल श्री खान, मुख्यमंत्री श्री कुमार,  दोनों उप मुख्यमंत्री श्री चौधरी और श्री सिन्हा,  बिहार विधान परिषद् के सभापति श्री सिंह,  बिहार विधानसभा के अध्यक्ष श्री यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सचिवालय प्रांगण स्थित शहीद पार्क में जाकर अमर ज्योति के समक्ष पुष्प चक्र अर्पित किया एवं स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन करते हुये अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा बिहार गीत एवं देश भक्ति गीतों का गायन प्रस्तुत किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.