“फूट डालो, हुकूमत करो” सपा-कांग्रेस की नीति : ब्रजेश पाठक

लखनऊ। फतेहपुर में विवादित स्थल को लेकर समाजवादी पार्टी  अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुये उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि” फूट डालो राज करो” नीति सपा और कांग्रेस की है जिसने दशकों तक देश और प्रदेश को धर्म,  जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर विभाजित किया है।
श्री पाठक ने कहा कि अखिलेश अपने बयानों के जरिए केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं जिससे प्रदेश का माहौल खराब हो सकता है। भाजपा कभी भी नफरत फैलाने की राजनीति नहीं करती। भाजपा सरकार का विजन तुष्टिकरण किसी का नहीं, संतुष्टिकरण सबका है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र के साथ प्रदेश के हित में लोक कल्याणकारी नीतियां लागू कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार के साढ़े आठ साल के शासन में दंगों को पूरी तरह नियंत्रित किया गया है जो सपा को सहन नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि अखिलेश और उनके सहयोगी बार-बार ऐसी बयानबाजी करते हैं जिससे सामाजिक तानाबाना टूटने का खतरा पैदा होता है।
गौरतलब है कि फतेहपुर के अबू नगर में विवादित स्थल पर पूजा अर्चना को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गये थे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर दिल्ली में बयान दिया कि भाजपा की विचारधारा अंग्रेजों से मेल खाती है जो समाज में नफरत फैला कर राजनीति में सफल होना चाहते हैं। उन्होने कहा कि भाजपा के लोग ट्रेंड लोग हैं, समाज बटे, नफरत फैले,  दूरियां बढ़े तभी राजनीति में वह कामयाब होंगे। जो विचारधारा अंग्रेजों की बनाई हुई है उसी विचारधारा पर यह लोग चल रहे हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.