रवनीत सिंह बिट्टू होंगे लोकसभा में नेता विपक्ष


नई दिल्ली। कांग्रेस ने लोकसभा में पंजाब के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू को बजट सत्र के लिए विपक्ष का नेता नियुक्त किया है। वह पश्चिम बंगाल के सांसद और सीनियर लीडर अधीर रंजन चौधरी की जगह लेंगे। गुरुवार को ही कांग्रेस की ओर से इस फैसले की जानकारी दी गई है।

पंजाब कांग्रेस ने रवनीत सिंह बिट्टू को लोकसभा में नेता विपक्ष बनाए जाने पर शुभकामनाएं दी हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अगले दो महीने तक अधीर रंजन चौधरी चुनाव प्रचार में बिजी रहेंगे। ऐसे में उनकी जगह पर यह जिम्मेदारी रवनीत बिट्टू को देने का फैसला लिया गया है। अधीर रंजन चौधरी पश्चिम बंगाल की कांग्रेस यूनिट के अध्यक्ष भी हैं।फिलहाल बजट सत्र में पार्टी की ओर से मुद्दों को उठाने की जिम्मेदारी बिट्टू की होगी। लोकसभा में पार्टी की ओर से डिप्टी लीडर गौरव गोगोई भी व्यस्त हैं। असम में चुनावी कार्यक्रमों के चलते वह भी कम समय दे पा रहे हैं। तीसरी बार लोकसभा सांसद चुने गए रवनीत बिट्टू पहली बार आनंदपुर साहिब सीट से सांसद चुने गए थे। इसके बाद लुधियाना से 2014 में जीते थे। यही नहीं 2019 में भी वह लुधियाना सीट से ही चुने गए हैं।

पंजाब के पूर्व सीएम बेअंत सिंह के वह पोते हैं जिनकी 1995 में हत्या कर दी गई थी। पिछले साल अगस्त में ही उन्हें लोकसभा में कांग्रेस का व्हिप नियुक्त किया गया था। रवनीत सिंह बिट्टू को राहुल गांधी का करीबी नेता माना जाता है। पंजाब में संगठन चुनाव के बाद वह यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गए थे। राहुल गांधी की पहल पर ही यूथ कांग्रेस में चुनाव कराए गए थे। ऐसे में उन्हें राहुल गांधी के करीबी नेताओं में शुमार किया जाता है। पंजाब कांग्रेस की ओर से रवनीत सिंह बिट्टू को उन्हें लोकसभा में नेता विपक्ष बनाए जाने पर शुभकामनाएं दी गई हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.