नंदीग्राम सीट से सुवेंदु ने भरा नामांकन पत्र
कहा-जीत हमारी होगी

कोलकाता। बंगाल चुनाव की हॉट सीट नंदीग्राम से शुक्रवार को कद्दावर भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। अब उनका सीधा मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से होगा। दो दिन पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी इस सीट से अपना पर्चा भरा था।
हल्दिया स्थित एसडीओ कार्यालय में सुवेंदु ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने से पहले सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में सिंहवासिनी और जानकीनाथ मंदिर में पूजा.अर्चना भी की। इसके बाद हल्दिया में एक रैली को संबोधित किया। इस रैली में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और स्मृति ईरानी भी मौजूद थे। इस दौरान सुवेंदु ने ममता बनर्जी के खिलाफ जमकर हुंकार भरीं। उन्होंने कहा कि नंदीग्राम से भूमि पुत्र की ही जीत होगी। साथ ही कहा कि बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनेगी।
सुवेंदु ने साथ ही बताया कि अब मैं नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र का वोटर हो गया हूं। चुनाव आयोग ने मुझे मतदाता पहचान पत्र भी प्रदान कर दिया है। पहले वह हल्दिया विधानसभा क्षेत्र के मतदाता थे। गौरतलब है कि सुवेंदु पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि नंदीग्राम सीट से वह ममता बनर्जी को 50,000 से ज्यादा वोटों से हराएंगे नहीं तो राजनीति से संन्यास ले लेंगे।
