केजरीवाल ने तिरंगे को लेकर भाजपा, कांग्रेस पर साधा निशाना
पूछा-तिरंगा दिल्ली में नहीं तो क्या इस्लामाबाद में फहरायेगा

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में देशभक्ति बजट पर मुख्यमंत्री अरविंद ने कहा कि पिछले डेढ़ महीने में केंद्र सरकार और लगभग सभी राज्य सरकारों ने घाटे का बजट प्रस्तुत किया लेकिन दिल्ली एक मात्र ऐसा राज्य है जिसने सरप्लस बजट पेश किया है।
अपने संबोधन के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब हमने कहा था बिजली बिल आधा कर देंगे तो सबने हमारा मजाक उड़ाया था लेकिन हमने करके दिखाया। हमने सरकारी स्कूल और अस्पतालों की स्थिति ठीक की जिसके बारे में यह कहा जाता था कि ये कभी ठीक नहीं हो सकते हैं।आज हम कह रहे हैं कि दिल्ली में 2048 में ओलिंपिक होंगे तो ये मज़ाक उड़ा रहे है, लेकिन हम देश के साथ मिलकर ये भी करके दिखाएंगे। अरविंद केजरीवाल ने भाजपा और कांग्रेस पर ये आरोप लगाया कि वे यह कह रहे हैं कि हमें दिल्ली में तिरंगा नहीं फहराना चाहिए। मैं भाजपा वालों से पूछना चाहता हूं कि हमारे देश का तिरंगा दिल्ली में नहीं फहराएगा तो क्या इस्लामाबाद में फहराएगा। जब से हमने अयोध्या की तीर्थ यात्रा का ऐलान किया है, तब से भाजपा-कांग्रेस वाले विरोध कर रहे हैं। क्या अपने बुजुर्गों को राम लल्ला के दर्शन करवाना पाप है, क्यों इस तीर्थ यात्रा का विरोध किया जा रहा है।
