मतदाता अधिकार यात्रा में 28 को शामिल होंगे अखिलेश
पटना। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव 28 अगस्त को बिहार के सीतामढ़ी में मतदाता अधिकार यात्रा में शामिल होंगे। सपा नेता अखिलेश यादव की इस यात्रा में भागीदारी की जानकारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स के माध्यम से दी। उन्होंने पोस्ट साझा करते हुये लिखा है कि अखिलेश यादव की भागीदारी से इस आंदोलन को और अधिक मजबूती मिलेगी जिसे जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया है कि मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नामों को हटाना वोट चोरी का हिस्सा है जो चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मिलीभगत से की जा रही है।
विदित हो कि मतदाता अधिकार यात्रा की शुरुआत बिहार के सासाराम से हुई थी और यह यात्रा राज्य भर के 25 जिलों से गुजरते हुए एक सितंबर को राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में एक विशाल रैली के साथ समाप्त होगी।
