बिहार मतदाता सूची : 98.2 प्रतिशत मतदाताओ के दस्तावेज प्राप्त
नई दिल्ली। बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत नई मतदाता सूची के मसौदे को लेकर इस समय चल रहे दावे और आपत्तियों के दौर में कुल 98.2 प्रतिशत मतदाताओं के दस्तावेज प्राप्त हो चुके है। यह जानकारी चुनाव आयोग की रविवार को जारी एक विज्ञप्ति में दी गई है। दावे और आपत्तियां दाखिल कराने के लिए अभी आठ दिन बाकी है।
आयोग ने कहा है कि बिहार का एसआईआर कार्यक्रम निर्धारित समय के अनुसार चल रहा है। प्राप्त सभी दस्तावेजों और आपत्तियों पर निर्णय और पात्रता दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित सह मतदाता पंजीयन अधिकारी अथवा सहायक मतदाता पंजीयन अधिकारी (ईआरोध्एईआरओ) द्वारा 25 सितंबर 2025 तक पूरा किया जाना है और अंतिम जांच के बाद अंतिम मतदाता सूची 30 सितंबर 2025 को प्रकाशित की जाएगी। दावे और आपत्ति का समय सूची के मसौदे में किसी भी त्रुटि में सुधार कराने का अवसर प्रदान करता है। इस दौरान मतदाता अपने अपेक्षित संक्षिप्त दस्तावेज भी प्रस्तुत कर सकते हैं जो वे पहले दौर में गणना.फार्म जमा करते समय प्रस्तुत नहीं कर सके थे। आयोग ने बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के आधार पर बताया है कि एसआईआर में अब तक 98.2 प्रतिशत मतदाताओं के दस्तावेज प्राप्त हो चुके हैं। इस तरह 24 जून से 24 अगस्त तक 60 दिन में 98.2 प्रतिशत लोगों ने अपने दस्तावेज जमा करा दिये हैं। इस तरह प्रतिदिन लगभग 1.64 प्रतिशत लोगों ने दस्तावेज जमा कराये हैं 1 अब दावे आपत्ति तथा छूटे दस्तावेज जमा करने के लिए आठ दिन बाकी हैं जिसमें बचे हुए 1.8 प्रतिशत मतदाताओं को अपने दस्तावेज जमा कराने का अवसर है।
आयोग ने उम्मीद जाहिर की है कि गणना.फार्म की तरह दस्तावेज जमा कराने का काम भी समय से पूरा हो जाएगा। आयोग ने इस प्रक्रिया में अपने बूथ स्तरीय अधिकारियों, स्वयं सेवकों और राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त किए गए 1.6 लाख बूथ स्तरीय एजेंटों के कार्य की सराहना की है। बिहार एसआईआर के लिए 24 जून को जारी आदेश के अनुसार राज्य भर में 243 ईआरओ और 2976 एईआरओ मतदाताओं के दस्तावेजों की साथ-साथ जांच भी कर रहे हैं।
