कैमूर: भारतमाला परियोजना के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई हुई तेज

भभुआ। जिला प्रशासन कैमूर ने भारतमाला परियोजना के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई तेज कर दी है और आज प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति में बिरना और करवंडिया मौजा में लगभग 400 मीटर भूमि पर का अधिग्रहण किया गया।
पिछले दिनों कुछ स्थानीय भू-धारियों एवं ग्रामीणों द्वारा कार्यस्थल पर जाकर अधिग्रहण कार्य में अवरोध उत्पन्न करने का प्रयास किया गया था। इस संदर्भ में संबंधित व्यक्तियों पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने सभी स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार से सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न नही करें। इस संबंध में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि अब तक 50 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भू-धारियों को भुगतान की जा चुकी है। मुआवजा भुगतान के लिये प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जा रहा है। पूर्व में कई भू-धारियों द्वारा अमीन से नापी कराने की मांग की गई थी, जिसे देखते हुए जमीन की नापी का कार्य भी कराया गया है।
उन्होंने कहा कि जिन भू-धारियों के द्वारा मुआवजा हेतु आवेदन नहीं दिया जाएगा, उनकी राशि न्यायालय में जमा करा दी जाएगी। साथ ही, यह भी स्पष्ट किया गया कि मुआवजा राशि का भुगतान जितना विलंब से लिया जाएगा, भू-धारियों का उतना ही नुकसान होगा, क्योंकि अवॉर्ड की तिथि के बाद ब्याज की गणना बंद हो जाती है।अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के कार्य में तेजी लाने के लिए निरंतर दखल-कब्जा की कार्रवाई की जा रही है। जो भी व्यक्ति परियोजना स्थल पर आकर कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने का प्रयास करेंगे, उनके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.