दिल्ली की विविध सांस्कृतिक धरोहर ही इसकी ताकत : रेखा
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि दिल्ली की विविध सांस्कृतिक धरोहर ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। श्रीमती गुप्ता ने यहां आयोजित चालिहा साहिब महोत्सव की भव्य शोभा यात्रा में शामिल होकर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया और कहा कि यह महोत्सव भाईचारे, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त बनाने का प्रतीक है। उन्होंने सिंधी समाज की दिल्ली के सामाजिक व आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की विविध सांस्कृतिक धरोहर ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। सिंधी समाज द्वारा हर वर्ष आयोजित किया जाने वाला चालिहा साहिब महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का उत्सव है बल्कि यह समाज को एकजुट करने और भावी पीढ़ियों तक अपनी परंपराओं को पहुंचाने का माध्यम भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में सभी समुदायों की परंपराओं और त्योहारों को सम्मान एवं सहयोग देती रहेगी ताकि दिल्ली की गंगा.जमुनी तहज़ीब को और मजबूती मिले। उन्होंने कहा कि मैं सिंधी समाज को बाबा झूलेलाल की इस भव्य शोभायात्रा के लिए ढेरों शुभकामनाएं और बधाई देती हूं। हर वर्ष इसी भव्यता के साथ बाबा की सवारी नगर भ्रमण करती है और जन.-जन इसका स्वागत करता है। इस महोत्सव पर मेरी यही प्रार्थना है कि बाबा झूलेलाल की कृपा हम सब पर, पूरे दिल्ली, पूरे देश और विश्व पर बनी रहे।
