पीएम मोदी ने जेलेंस्की से की बातचीत

संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान का किया समर्थन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के सभी प्रयासों का पुरजोर समर्थन करता है। चीन की दो दिन की यात्रा पर शनिवार दोपहर तियांजिन पहुंचे श्री मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। श्री मोदी की चीन में रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय वार्ता होनी है। इस बैठक से पहले श्री जेलेंस्की के साथ श्री मोदी की बातचीत को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत रुस और यूक्रेन के बीच चल रहे संघर्ष के समाधान के लिए शुरू से ही बातचीत तथा राजनयिक प्रयासों पर बल देता आया है। श्री मोदी अपनी इस बात को कई बार दोहरा चुके हैं कि यह युद्ध का समय नहीं है।
    प्रधानमंत्री ने आज यूक्रेन के राष्ट्रपति के साथ बातचीत के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने इस संघर्ष, उसके मानवीय पहलू और शांति एवं स्थिरता बहाल करने के प्रयासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने कहा कि भारत इस दिशा में सभी प्रयासों को पूर्ण समर्थन देता है। श्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की को आज फ़ोन पर बात करने के लिए धन्यवाद। हमने चल रहे संघर्ष, उसके मानवीय पहलू और शांति एवं स्थिरता बहाल करने के प्रयासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। भारत इस दिशा में सभी प्रयासों को पूर्ण समर्थन देता है।
   प्रधानमंत्री कार्यालय में बताया कि बातचीत के दौरान राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने यूक्रेन से संबंधित हाल के घटनाक्रमों पर प्रधानमंत्री के साथ अपने विचार साझा किए। श्री मोदी ने संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान तथा शांति की शीघ्र बहाली के प्रयासों के प्रति भारत के दृढ़ और सतत रुख की पुष्टि की। प्रधानमंत्री ने इस संबंध में हर संभव सहयोग देने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों नेताओं ने भारत-यूक्रेन द्विपक्षीय साझेदारी में प्रगति की भी समीक्षा की और आपसी हित के सभी क्षेत्रों में सहयोग को और बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने आगे भी संपर्क में बने रहने पर सहमति जतायी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.