शंकराचार्य बिहार में करेगे सनातन धर्मियों से संपर्क
गोभक्त प्रत्याशियों को ही वोट देने को करेंगे प्रेरित
वाराणसी। चातुर्मास व्रत अनुष्ठान मुंबई में संपन्न करके 11 सितंबर गुरुवार को ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती काशी पहुंचेंगे।
शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी संजय पांडे ने बताया कि एक दिवसीय अल्प प्रवास में काशी ठहरने के बाद शंकराचार्य 45 दिवसीय गौमतदाता संकल्प यात्रा के लिये अगले दिन बिहार प्रस्थान कर जाएंगे। बिहार में हर जिले व गांवों में यात्रा कर सनातन धर्मियों से संपर्क करके उन्हें गौभक्त प्रत्याशी को ही वोट देने के लिये शंकराचार्य प्रेरित करेंगे। शंकराचार्य बिहार वासियों को बताएंगे कि आप अगर ऐसे किसी प्रत्याशी या दल को वोट देते हैं जो चुनाव जीतने के बाद गोकशी करवाता है तो उस गोकशी के पाप के भागी आप भी बनेंगे। इसलिए गोकशी के पाप से बचने हेतु आप ऐसे गौभक्त प्रत्याशी को ही वोट दें जो चुनाव जीतने के बाद गोकशी बंद करवाने एवं गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करवाने के लिये कृत संकल्पित हो।
