कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक 24 को पटना में
नई दिल्ली। कांग्रेस की सर्वोच्च नीतिनिर्धारक संस्था कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की विस्तारित बैठक अगले सप्ताह बिहार की राजधानी पटना में होगी जिसमें पार्टी का शीर्ष नेतृत्व बिहार विधानसभा चुनावों पर विचार-विमर्श कर वोट चोरी के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी को घेरने की रणनीति तेज करने पर विचार करेगा।
कांग्रेस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि पार्टी महासचिव संगठन के सी वेणुगोपाल ने कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को पत्र लिखकर इस विस्तारित बैठक की जानकारी दे दी है। बैठक 24 सितम्बर को सुबह 10 बजे से शुरु होगी। बैठक स्थल के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने कार्यकारिणी के सदस्यों से बैठक में शामिल होने का आग्रह किया है। बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सीडब्ल्यूसी की इस बैठक को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में राज्य विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर भी विचार होने की संभावना है। इस विस्तारित बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित सभी प्रमुख नेताओं के हिस्सा लेने की संभावना है। बैठक में स्थायी और विशेष आमंत्रित सदस्य, पार्टी के मुख्यमंत्री, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक दल के नेता भाग लेंगे। सूत्रों के अनुसार बैठक में समिति के 39 सदस्यों के अलावा बिहार के सभी सांसद, विधायक, विधान पार्षद, कांग्रेस सचिव, कार्यसमिति के सदस्य और संगठनों के प्रमुख तथा समिति के स्थायी और विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल होंगे।
