बिहार में उम्मीदवारों के चयन को लेकर कांग्रेस की बैठक
नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों के चयन को लेकर शनिवार को यहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई जिसमें कई उम्मीदवारों के नाम तथा अन्य महत्वपूर्ण विंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पार्टी नेता अजय माकन की अध्यक्षता में हुई छानबीन समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नाम तथा स्थिति पर चर्चा हुई। उनका कहना था कि शुक्रवार को भी समिति की बैठक हुई थी लेकिन इसमें कुछ प्रमुख नेता शामिल नहीं हुए। बैठक में नहीं पहुंचने वाले नेताओं ने बताया कि जब तक गठबंधन के साथ सीटों का बंटवारा नहीं होता तब तक छानबीन समिति की बैठक का कोई औचित्य नहीं है। इससे पहले गुरुवार को बिहार में इसी मुद्दे पर बैठक हुई थी लेकिन बैठकों के किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंचने की संभावना को देखते हुए ये तय किया गया कि इस बारे में आला कमान ही फैसला लेगा इसलिए पूरी प्रक्रिया को दिल्ली शिफ्ट कर दिया गया था।
बिहार विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन के लिए छानबीन समिति के सदस्यों की यहां हुई बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान और विधान परिषद में दल के नेता मदन मोहन झा समेत कई बड़े नेता मौजूद थे। बैठक में उम्मीदवारों के चयन तथा राजनीतिक को लेकर सभी नेताओं की सलाह ली गई और लगभग सभी सीटों के समीकरणों पर चर्चा भी हुई। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि बैठक की यह अभी शुरुआत भर है। स्क्रीनिंग कमेटी की बैठकें अभी और भी होनी है। आज की बैठक में कई मुद्दो पर चर्चा हुई लेकिन गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर कोई विचार-विमर्श नहीं किया गया।
