मुंगेर जिले में चल रहे विकास योजनाओं की समीक्षा की

मुंगेर। केन्द्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की समीक्षात्मक बैठक में जिले में चल रही विकास योजनाओं की गहन समीक्षा की। केन्द्रीय मंत्री श्री सिंह ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की समीक्षात्मक बैठक की अध्यक्षता करते हुए बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को विकास योजनाओं का स्पष्ट प्रतिवेदन नहीं प्रस्तुत करने के लिए चेतावनी दी।
बैठक में मनरेगा, उद्योग विभाग, समाज कल्याण विभाग, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना, राशन कार्ड, उज्जवला गैस कनेक्शन योजना, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों की समीक्षा की गयी।
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंह ने समीक्षात्मक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन तंत्र के सभी लोग जनता के सेवक हैं। सभी को मिलकर जनता की विकास योजनाओं को त्वरित गति से कार्यान्वित करने की जरूरत है। इस अवसर पर जमुई सांसद अरूण भारती, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर, जमालपुर के जनता दल यूनाईटेड विधायक नचिकेता मंडल, अपर समाहर्ता मनोज कुमार, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह, नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता, सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.