पटना जू में फिर दौड़ेगी टॉय ट्रेन

पटना। राजधानी पटना के संजय गांधी जैविक उद्यान (जू) में वर्षों से बंद पड़ी टॉय ट्रेन दोबारा शुरू होगी और पूर्व मध्य रेलवे इससे जुड़े आवश्यक निर्माण और संरचनात्मक कार्य कराएगा।
बीते गुरुवार को हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में इस परियोजना के लिए पांच करोड़ए 81 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस राशि से जू परिसर में ब्रिज, रिटेनिंग वॉल और ड्रेनेज सिस्टम के निर्माण के साथ-साथ अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनात्मक कार्य कराए जाएंगे।
जू प्रशासन के अनुसार, बच्चों की इस लोकप्रिय ट्रेन को पहले से अधिक सुरक्षित, रोचक और यादगार बनाने के उद्देश्य से नए सिरे से डिजाइन किया जा रहा है। प्रस्तावित टॉय ट्रेन का ट्रैक लगभग 3.7 किलोमीटर लंबा होगा। यह ट्रेन जू स्थित चिल्ड्रेन स्टेशन से शुरू होकर हाइना पिंजरा, जू अस्पताल, आहार गोदाम,  शेर, बाघ और भालू के पिंजरों से गुजरते हुए पक्षी पिंजरा तक जाएगी जिससे यात्रियों को पूरे जू का मनोरम दृश्य देखने को मिलेगा।
नई टॉय ट्रेन में कुल चार बोगियां होंगी। प्रत्येक बोगी में 20 से 30 यात्रियों के बैठने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। विशेष बात यह है कि इस बार टॉय ट्रेन में आधुनिक तकनीक से लैस बैट्री ऑपरेटेड और ईको. फ्रेंडली इंजन लगाए जाएंगे जिससे पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा। उल्लेखनीय है कि पटना जू की यह टॉय ट्रेन वर्ष 2015 से बंद पड़ी थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.