बंगाल चुनाव: 21 मार्च को भाजपा जारी करेगी घोषणा-पत्र

नई दिल्ली। पश्चिम मबंगाल के केंद्रीय पर्यवेक्षक कैलाश विजय वर्गीय ने शुक्रवार को विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के घोषणा पत्र के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी का घोषणापत्र 21 मार्च को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा जारी किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि भाजपा के लिए यहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कैंपेनिंग कर रहे हैं। यहां की 294 विधानसभा सीट पर 27 मार्च से लेकर 29 अप्रैल तक 8 चरणों में चुनाव होंगे। नतीजे 2 मई को घोषित किए जाएंगे।
गौरतलब है कि बंगाल में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच भाजपा द्वारा अंतिम पांच चरणों के लिए 157 प्रत्याशियों की सूची जारी करने के एक दिन बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चार सीटों पर तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों को बदल दिया है। पार्टी ने यह फैसला राज्य में 27 मार्च को होने वाले पहले चरण के मतदान से पहले किया है। टीएमसी ने उत्तर 24 परगना जिले के दो और नदिया व बीरभूम जिले के एक.एक प्रत्याशी को बदला है। इस क्रम में नदिया जिले के कल्याणी में रमेंद्र नाथ विश्वास के बदले अनिरुद्ध विश्वास, उत्तर 24 परगना के अशोक नगर में धीमन राय के बदले नारायण गोस्वामी व आमडांगा में मुर्तजा के बदले रफीकुर रहमान और बीरभूम जिले के दुबराजपुर में आसिमा के बदले देवव्रत साहा को टिकट दिया है। इससे पहले पश्चिम बंगाल में वर्ष 2016 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने तमाम पूर्वानुमानों को पीछे छोड़कर पूर्ण बहुमत हासिल किया था। 294 सदस्यीय विधानसभा में ममता की पार्टी को 211 सीटें मिली थीं। कांग्रेस.लेफ्ट गठबंधन को सिर्फ 76 सीटों पर जीत मिली थी। इनमें कांग्रेस वामदलों से काफी अच्छी स्थिति में रही और उसे 44 सीटों पर जीत हासिल हुई थी।
