बिहार में हर साल दिया जायेगा उत्कृष्ट विधायक का पुरस्कार


पटना। बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को सदन को बताया कि लोकसभा की तर्ज पर उत्कृष्ट काम करनेवाले विधायकों को भी पुरस्कृत किया जायेगा। यह पुरस्कार हर वर्ष बेहतर कार्य करनेवाले विधायकों को दिया जायेगा । उन्होंने बताया कि इसके लिए विधानसभा के वरीय और अनुभवी सदस्यों से सुझाव लेकर चयन समिति का गठन किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि पुरस्कार उन्हीं सदस्यों को दिया जायेगा जो सदन के सदस्य होंगे। साथ ही एक बार पुरस्कार मिलने के बाद अन्य वर्ष में उनको पुरस्कार नहीं दिया जायेगा। इस कार्य से बिहार विधानसभा का संदेश पूरे देश में जायेगा। दरअसल हाल के वर्षों में सत्र के दौरान सदन में हल्ला-हंगामा बढता जा रहा है। हंगामे के दौरान विधायी कार्य प्रभावित होता है और सदन की प्रतिष्ठा पर भी आंच आती है। इस बार भी बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान हंगामा के दौरान कई ऐसे पल आए हैं जब मर्यादा तार-तार होती दिखी है। अब उम्‍मीद की जा रही है कि उत्‍कृष्‍ट विधायक चुने जाने की चाह विधायकों को अपने व्‍यवहार को शांत रखेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.