“पीएम सूर्य घर योजना” में बिहार को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार
पटना। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जिला पदाधिकारियों के कार्यालयों एवं आवासों की छतों पर सौर ऊर्जा प्रणालियों की स्थापना में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बिहार को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में गुरुवार को आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम पीएम सूर्य घर के दो वर्ष 1 करोड़ छतों तक सौर ऊर्जा का विस्तार के दौरान बिहार को सूर्य संकल्प पहल के तहत जिला पदाधिकारियों के कार्यालय एवं आवासों पर सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित करने के लिए यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया।
समारोह में बिहार की ओर से एनबीपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक और ब्रेडा के निदेशक राहुल कुमार ने यह सम्मान प्राप्त किया। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना जल.जीवन.हरियाली अभियान के तहत सरकार ने सभी सरकारी भवनों पर सौर ऊर्जा प्रणालियां स्थापित करने का निर्णय लिया था। इसी क्रम में राज्य के लगभग 12 हजार सरकारी भवनों पर सौर ऊर्जा प्रणालियां स्थापित की जा चुकी है। इससे सरकारी संस्थानों में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिला है। इस उपलब्धि पर बिहार ऊर्जा विभाग के सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (बीएसपीएचसीएल) के अध्यक्ष.सह-प्रबंध निदेशक अजय यादव ने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत बिहार को प्राप्त यह राष्ट्रीय सम्मान राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री के नेतृत्वए ऊर्जा विभाग की प्रतिबद्धता तथा विभिन्न विभागों एवं जिला प्रशासन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। बिहार सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। सरकारी पदाधिकारियों के आवासों एवं कार्यालयों की छतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित कर सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। आने वाले समय में राज्य स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
एनबीपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक और ब्रेडा के निदेशक राहुल कुमार ने कहा कि यह सम्मान राज्य के सभी अधिकारियों, अभियंताओं एवं कर्मियों के सामूहिक प्रयासों की पहचान है। पीएम सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सरकारी भवनों के सौर ऊर्जाकरण में बिहार ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि राज्य में सौर ऊर्जा को जन-जन तक पहुंचाने और हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
