आपातकाल को काला दिवस के रूप में मनाएगी भाजपा

26 जून को करेगी जनजागरण बैठक

नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्येक वर्ष की भांति इस साल भी 25 जून को (आपातकाल) काला दिवस के तौर पर मनाएगी और जनजागरण बैठक करेगी।
उल्लेखनीय है कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल की घोषणा की थी। दिल्ली भाजपा के अनुसार इस दौरान श्रीमती गांधी ने राजनीतिक कार्यकर्ताओं के साथ ही सामान्य नागरिकों के भी मौलिक अधिकारों का हनन किया था और हजारों लोगों को मीसा सहित विभिन्न धाराओं में गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया था।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा 1980 में स्थापना के बाद से हर वर्ष 25 जून को आपातकाल विरोधी जन जागरण बैठक का आयोजन करती है, लेकिन इस वर्ष गुरुवार 26 जून को पूर्वाह्न 11 बजे नयी दिल्ली नगर परिषद ( एनडीएमसी) कन्वेंशन सेंटर में जन जागरण बैठक का आयोजन करेगी। उन्होंने बताया कि इस बैठक को सफल बनाने के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है जिसमें सांसद योगेन्द्र चांदोलिया, युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष धर्मवीर शर्मा और पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सोलंकी शामिल हैं जो दिल्ली के साथ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) तक में शिफ्ट हुए आपातकाल बंदियों को आमंत्रित करके उनका सार्वजनिक कार्यक्रम में अभिनंदन करेगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.