मिलर हाई स्कूल को मॉडल रूप देने का निर्देश
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना स्थित देवीपद शहीद स्मारक (मिलर) उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को विद्यालय को राज्य के आदर्श (मॉडल) विद्यालय के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं का जायजा लिया। उन्होंने शहीद देवीपद चौधरी के पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री को स्मार्ट स्टीम, रोबोटिक्स एंड ए आई लैब को लेकर विस्तृत जानकारी दी गयी। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने बच्चों के क्लासरूम गये तथा बच्चों से उनकी शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों एवं शिक्षकों से मॉडल स्कूल बनाने के लिए सुझाव एवं सलाह लिए। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं तथा बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने निर्देश दिये कि देवीपद शहीद स्मारक (मिलर) उच्च माध्यमिक विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए इसे एक मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए आवश्यक आधारभूत संरचना का विकास, स्मार्ट कक्षाओं की स्थापना, प्रयोगशालाओं का सुदृढ़ीकरण, पुस्तकालय का विस्तार, खेल सुविधाओं का उन्नयन तथा परिसर का सौंदर्गीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि विद्यालय के समग्र विकास के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर उसका शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि शाम 5 बजे से 8 बजे के बीच बच्चों की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही, मिलर स्कूल मैदान में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विद्यालयों में आधुनिक संसाधनों और बेहतर शैक्षणिक वातावरण की उपलब्धता से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी तथा उन्हें प्रतिस्पर्धी भविष्य के लिए तैयार किया जा सकेगा।
इस अवसर पर विधान पार्षद नवल किशोर यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव, पटना प्रमण्डल के आयुक्त मयंक बरबरे, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अन्य वरीय अधिकारीगण एवं देवीपद शहीद स्मारक (मिलर) उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती किरण कुमारी उपस्थित थीं।
