ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना का 96 प्रतिशत काम पूरा

पटना। राज्य की पंचायतों में “मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना” के प्रभावी क्रियान्वयन से लेकर मरम्मती, तकनीकी निगरानी एवं पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है। पंचायती राज विभाग ने स्पष्ट किया है कि योजना के अंतर्गत राज्य में कुल 11 लाख 73 हजार 740 सोलर स्ट्रीट लाइटों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध 11 लाख 25 हजार 606 सोलर स्ट्रीट लाइटें पूर्ण रूप से लगाई जा चुकी है जो कुल लक्ष्य का लगभग 96 प्रतिशत है। इनमें से 10 लाख 59 हजार 753 सोलर स्ट्रीट लाइटें सेंट्रलाइज्ड मॉनिटरिंग सिस्टम (सीएमएस) से एकीकृत होकर रियल टाइम मॉनिटरिंग के दायरे में हैं।रिपोर्ट के अनुसारए 72 घंटे से अधिक अवधि से खराब सोलर स्ट्रीट लाइटों की संख्या मात्र 1,090 है। वहीं 26,580 सोलर स्ट्रीट लाइटें सिग्नल लॉस श्रेणी में हैं।
सोलर स्ट्रीट लाइटों की मरम्मती के लिए विभाग द्वारा कार्यकारी एजेंसियों के साथ सेवा स्तर समझौता किया गया है। इसके तहत किसी भी खराब सोलर स्ट्रीट लाइट की सूचना प्राप्त होने के 72 घंटे के भीतर मरम्मत अनिवार्य है। निर्धारित अवधि में मरम्मत नहीं होने की स्थिति में अनुबंध की शर्तों के अनुरूप संबंधित एजेंसी पर आर्थिक दंड लगाने का प्रावधान है। योजना में जनभागीदारी एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एमजीएसएसएलवाई,सीएमएस मोबाइल ऐप भी है। आम नागरिक इसके माध्यम से खराब स्ट्रीट लाइट की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों का ऑनलाइन अनुश्रवण कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। साथ ही राज्य के सभी जिला समाहरणालयों में एलईडी टीवी पर सीएमएस के माध्यम से इन लाइटों की कार्यशीलता से संबंधित अपडेटेड जानकारी निरंतर प्रदर्शित की जाती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.