असम विधानसभा चुनाव: भाजपा का घोषणा पत्र जारी

दिसपुर। बीजेपी ने असम विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पार्टी के मुखिया जेपी नड्डा की मौजूदगी में मंगलवार को यह घोषणा पत्र जारी किया गया। इसमें भारतीयों के अधिकारों की रक्षा के लिए एनआरसी में संशोधन के अलावा 10 बड़े वादे किए गए हैं। घोषणा पत्र जारी किए जाने के दौरान असम के चीफ मिनिस्टर सर्बानंद सोनोवाल और मंत्री हेमंत बिस्व सरमा मौजूद थे।
घोषणा पत्र रिलीज करते हुए जेपी नड्डा ने कहा है कि हमने राज्य में कनेक्टिविटी, इन्फ्रास्ट्रक्चर, हेल्थ, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण का खयाल रखा। भाजपा ने अपने इस घोषणा पत्र में 10 खास बिंदुओं का जिक्र किया है। भाजपा ने इसे असम के लिए 10 संकल्प का नाम दिया है। अपने घोषणा पत्र में भाजप ने असम को बाढ़ से मुक्ति दिलाने का वादा किया है। असम के लिए जारी घोषणापत्र में पहले संकल्प के तौर पर कहा गया है कि मिशन ब्रह्मपुत्र शुरू किया जाएगा ताकि सालाना आने वाली बाढ़ के चलते जान माल की रक्षा की जा सकेगी। पार्टी ने दावा किया है कि ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियों के अधिक पानी को स्टोर करने के लिए रिजर्ववायर बनाया जाएगा। साथ ही धुबरी से सादिया तक नदी के भीतर कचरे की विशेष मशीन से सफाई की जाएगी। दूसरे संकल्प के तौर पर असम की महिलाओं को और सशक्त करने का वादा किया है। भाजपा ने कहा है कि 30 लाख परिवारों का अरुणोदय स्कीम के तहत कवर किया जाएगा। इस स्कीम के तहत फिलहाल मिल रही मासिक राशि 830 रुपयों से बढ़कर 3,000 रुपये दिए जाएंगे। तीसरे संकल्प के तौर पर भाजपा ने कहा कि उसकी सरकार नामघरों और सातारों का संरक्षण करेगी। पार्टी ने घोषणापत्र में कहा है कि आदिवासियों और आदिवासी समुदायों के पूजा स्थलों को फिर से हासिल करने के लिए एक टास्क फोर्स का गठन करेंगे जो इन जगहों को अवैध अतिक्रमणों से मुक्त करेगी।
असम के लिए बीजेपी ने अपने चौथे संकल्प में कहा है कि मिशन शिशु उन्नयन के तहत राज्य सरकार की संस्थाओं में हर बच्चे को फ्री शिक्षा दी जाएगी। भाजपा ने कहा है कि 8वीं कक्षा तक के सभी स्कूली बच्चों को साइकिल दी जाएगी। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में पांचवें संकल्प के तौर पर इस बात का जिक्र किया है कि एनआरसी को दुरुस्त किया जाएगा ताकि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा हो सके और अवैध लोगों को बाहर रखा जाएगा। भाजपा ने अपने छठे संकल्प में कहा है कि हम असम के लोगों के राजनीतिक अधिकारों की रक्षा के लिए परिसीमन करेंगे।
पार्टी ने सातवें संकल्प के तौर पर कहा है कि असम आहार आत्मनिर्भर योजना शुरू की जाएगी। वह असम में खाद्य सामग्री खास तौर से मछली, पोल्ट्री, डेयरी और बागवानी उत्पादों पर ध्यान देगी। आठवें संकल्प के तौर पर भाजपा ने कहा है कि हम असम के युवाओं को 2 लाख सरकारी नौकरियां देंगे। इनमें से 1 लाख नौकरियां 31 मार्च 2022 से पहले तुरंत दी जाएंगी। नौवें संकल्प के तौर पर वह स्वामी विवेकानंद असम यूथ एंप्लॉयमेंट योजना के तहत 10 लाख युवा व्यवसायियों की मदद करेगी। 10वें संकल्प के तौर पर भाजपा ने कहा है कि लोगों के जमीन के पट्टे दिए जाएंगे।
