बिहार दिवस समारोह पर राष्ट्रपति व पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
सीएम नीतीश ने कोरोना से किया सावधान

पटना। साल 1912 के 22 मार्च को बिहार की स्थापना बंगाल से अलग करके की गई थी। इसके 109 वर्ष पूरे होने पर सोमवार को बिहार दिवस समारोह का वर्चुअल आयोजन ज्ञान भवन में किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े। उन्होंने कहा है कि नई पीढ़ी को बिहार के गौरव से अवगत कराना जरूरी है। साथ ही उन्होंने बिहार में कोरोनावायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर लोगों को सावधान किया। बिहार दिवस को लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं। इसके पहले राज्यपाल फागू चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित अनेक नेताओं व जनप्रतिनिधियों ने भी जनता को बिहार दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दीं।
बिहार दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने अपने संदेश में बिहार दिवस पर सभी को खासकर बिहार के लोगों को बधाई दी है। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि बिहार में अतीत की धरोहर के साथ वर्तमान का पथ प्रदर्शन भी है। यह भूमि प्राचीनतम गणतंत्र से महात्मा गांधी के चंपारण सत्याग्रह तक की साक्षी रही है। उन्होंने यह भी लिखा है कि इस भूमि पर उन्हें राज्यपाल की भूमिका निभाने का सौभाग्य मिला है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राज्य की जनता को शुभकामनाएं दी हैं। अपने ट्वीट में उन्होंने अपने गौरवशाली अतीत और समृद्ध संस्कृति के लिए विशेष पहचान रखने वाले इस प्रदेश को विकास के नित नए आयाम गढ़ने के लिए शुभकामना की है।
राज्यपाल फागू चौहान व विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने बिहार दिवस पर जनता को बिहार दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने बिहार को शांति, सद्भावना, साधना, अहिंसा, ज्ञान, कर्म, बंधुता और प्रेम की पावन भूमि बताया। उन्होंने कहा है कि राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने में बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हमें मिल-जुलकर बिहार के गौरव को बढ़ाना है।
बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के गौरवशाली इतिहास की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि यह ज्ञान व मोक्ष की धरती रही है। कभी यहां से पूरे देश का शासन चलता था। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बिहार में हो रहे विकास कार्यों की भी चर्चा की। उन्होंने श्जल.जीवन.हरियालीश् कार्यक्रम के तहत किए जा रहे कार्यक्रमों की जानकरी दी। इस साल के बिहार दिवस काम की थीम जल, जीवन, हरियाली बनाने के लिए शिक्षा विभाग की सराहना की। मुख्यमंत्री ने बिहार में पेयजलए वाटर हारवेस्टिंग, ऊर्जा, स्वास्थ्य व शिक्षा आदि के क्षेत्रों में बिहार में हो रहे कार्यों की जानकारी दी। साथ ही बताया कि यहां लोक सेवाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। लोक शिकायत निवारण कानून बनाया गया है।मुख्यमंत्री ने बिहार की बिहार की बढ़ती आबादी को लेकर चिंता भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रजनन दर को कम करना जरूरी है। इसके लिए लड़कियों की शिक्षा जरूरी है। इसके लिए काम किए गए हैं। अब मैट्रिक की परीक्षा में लड़कों व लड़कियों की संख्या बराबर हो गई है। उन्होंने कहा कि बिहार में कोरोनावायरस संक्रमण के मामले बढ़े हैं इसलिए सावधानी जरूरी है। सरकार ने इसपर बहुत नियंत्रण किया है लेकिन लोग भी सजग व सचेत रहें।
