“राम तेरी गंगा मैली” ने रातोंरात बना दिया स्टार
मुंबई। बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री मंदाकिनी का जन्म 30 जुलाई 1963 को मेरठ में एक एंग्लो.इंडियन परिवार में हुआ था। उनके पिता जोसफ ब्रिटिश नागरिक थे, जबकि उनकी मां मुस्लिम थीं। मंदाकिनी का बचपन का नाम यास्मीन जोसेफ था। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत वर्ष 1985 में प्रदर्शित बंगाली फिल्म “अंतारेर भालोबाशा” से की थी।
वर्ष 1985 में ही मंदाकिनी ने फिल्म “मेरा साथी” से बॉलीवुड में कदम रखा, लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही। इसी वर्ष उनकी फिल्म “राम तेरी गंगा मैली” प्रदर्शित हुई जिसने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। राज कपूर निर्मित और निर्देशित इस फिल्म में उनके साथ राजीव कपूर मुख्य भूमिका में नजर आए थे। फिल्म की सफलता ने मंदाकिनी को हिंदी सिनेमा में एक अलग पहचान दिलाई। फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए मंदाकिनी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया था। हालांकि, इस फिल्म के लिए राज कपूर की पहली पसंद पद्मिनी कोल्हापुरे थीं लेकिन उन्होंने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया था।
“राम तेरी गंगा मैली” की सफलता के बाद मंदाकिनी ने “जाल,” “लोहा”, “डांस डांस” “जीते हैं शान से”, “कमांडो”, “तेजाब” और “जंगबाज” जैसी कई फिल्मों में काम किया। वर्ष 1996 में प्रदर्शित फिल्म “जोरदार” उनकी अंतिम फिल्म साबित हुई। अपने फिल्मी करियर के दौरान मंदाकिनी का नाम अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के साथ भी जोड़ा गया। उन्हें कई बार क्रिकेट मैदान पर दाऊद के साथ देखा गया था, हालांकि मंदाकिनी ने इन चर्चाओं पर कई बार सफाई दी। वर्ष 1990 में मंदाकिनी ने बौद्ध धर्मगुरु डॉ. कगयुर टी रिंपोचे ठाकुर से विवाह कर लिया। वर्तमान समय में मंदाकिनी फिल्म इंडस्ट्री से दूर हैं और अपने निजी जीवन में व्यस्त हैं।
