विधानसभा घेराव करने जा रहे राजद कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

पटना। बिहार विधानसभा घेराव कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को पटना में राजद कार्यकर्ताओं ने खूब बवाल काटा। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस द्वारा इस कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं दी गई थी इसके बाद भी हजारों की संख्या में युवा राजद के कार्यकर्ता पटना पहुंचे थे।
तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव के नेतृत्व में गांधी मैदान से भीड़ जैसे ही आगे बढ़ी तो राजद कार्यकर्ताओं ने उत्पात मचाना शुरू कर दिया। जेपी गोलबंर पर बैरिकेडिंग तोड़कर डाक बंगला चौराहा पहुंचे राजद कार्यकर्ताओं ने यहां भी बवाल काटा। बैरिकेडिंग तोड़ने से पुलिस ने रोका तो पत्थरबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में पत्थर चलाए फिर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इतने पर भी जव राजद कार्यकर्ता नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया और कई राजद कार्यकर्ताओं को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। दुकानों में घुसे राजद नेताओं को पुलिस ने निकाल कर हिरासत में लिया। स्थिति यह थी कि करीब एक घंटे तक डाक बंगला चौराहा रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। पुलिस ने तेजस्वी और तेज प्रताप यादव को हिरासत मे ले लिया। बताया जाता है कि इस पत्थरबाजी और लाठीचार्ज में राजद कार्यकर्ताओं के साथ ही पुलिस के जवान भी घायल हुए हैं। बाद मे तेजस्वी और तेज प्रताप के काफी समझाने के बाद कार्यकर्ता शांत हुए। राजद कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने ही रोडेबाजी की है।
