नंदीग्राम में अमित शाह ने दिखाई ताकत

कोलकाता। कोलकाता में चुनावी तापमान लगातार बढता जा रहा है। मंगलवार को गृह मंत्री अमित शाह ने नंदीग्राम सीट से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी के लिए रोड शो कर अपनी ताकत दिखाई। रोड शो के बाद श्री शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार पूरा बंगाल परिवर्तन के मूड में है। इसका सबसे आसान रास्ता है कि नंदीग्राम में ममता दीदी को हरा दो। पूरे बंगाल में परिवर्तन अपने आप हो जाएगा। नंदीग्राम में विदित हो कि नंदीग्राम में सुवेंदु अधिकारी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच कांटे की टक्टर है। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन यहां सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बंगाल की 30 सीटों पर 1 अप्रैल को मतदान होना है।
रोड शो के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि जहां ममता दीदी निवास करती हैं उसके 5 किमी दायरे के अंदर ही एक दुष्कर्म की घटना घटी। महिला सुरक्षा की बात करने वाली ममता दीदी को मैं पूछना चाहता हूं कि जब आप नंदीग्राम में हो उस समय ऐसी घटना होती है तो बंगाल की सुरक्षा का क्या होगा । उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले भाजपा कार्यकर्ता की वृद्ध मां को पीट-पीटकर मारा जाता है। कल उस मां की भी मृत्यु हो गई है लेकिन ममता दीदी महिला सुरक्षा की बात करती हैं। श्री शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग ममता दीदी के इस विरोधाभास से अच्छी तरह वाकिफ हैं।
ज्ञातव्य हो कि बंगाल में गुरुवार को दूसरे चरण के चुनाव के प्रचार का आखिरी दिन है। नंदीग्राम बंगाल विधानसभा चुनाव की सबसे हाई.प्रोफाइल सीट है। सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के 2016 विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम से सीपीआइ के उम्मीदवार अब्दुल कबीर शेख को 81 हजार से भी ज्यादा वोटो से हरा कर रिकॉर्ड जीत दर्ज की थी। सुवेंदु इस बार भी रिकॉर्ड जीत दर्ज करने का दावा कर रहे हैं। हालांकि इस सीट पर मुस्लिम वोटों की संख्या भी 50 हजार से ज्यादा है। ऐसे में इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि यहां ममता और सुवेंदु के बीच कांटे की टक्कर होगी।
