जमानत के बावजूद फिर टली लालू की रिहाई
पटना। राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवारए पार्टी व चाहने वालों के लिए यह बुरी खबर है। रांची हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बावजूद उनका अपने नेता की रिहाई का इंतजार फिर बढ़ गया है। बीते 18 अप्रैल को मिली जमानत की शर्तों के मुताबिक उन्हें जमानत का बॉन्ड भरना है लेकिन रविवार को हुई बार काउंसिल की बैठक में वकीलों ने खुद को दो मई तक अदालती कार्य से अलग रखने का फैसला किया। इससे अब लालू की जमानत का बॉन्ड तीन मई के पहले नहीं भरा जा सकेगा। बॉन्ड भरे जाने के बाद ही उनकी रिहाई संभव है।
विदित हो कि लालू प्रसाद यादव को बीते 18 अप्रैल को रांची हाईकोर्ट ने चारा घोटाला के दुमका कोषागार मामले में जमानत दे दी। इसके साथ उन्हें चारा घोटाला के उन तीनों मामलों में जमानत मिल गई है जिनमें वे सजायाफ्ता हैं। चारा घोटाला का डोरांडा कोषागार का एक और मुकदमा फिलहाल निचली अदालत में लंबित है। सजा पाए तीनों मामलों में जमानत मिलने के बाद उम्मीद थी कि वे जल्दी ही रिहा हो जाएंगे लेकिन कोरोनावायरस का संकट आड़े आ गया है।
