लालू प्रसाद की जमानत प्रक्रिया हुई पूरी,जल्द आएंगे बाहर

रांची। चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे राष्ट्रीय जनता दल  के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है। सीबीआई की विशेष अदालत ने दुमका कोषागार मामले में जमानत के बाद उनकी रिलीज का ऑर्डर जारी कर दिया है।
जमानत की इस पूरी प्रक्रिया के दौरान कोर्ट परिसर में राजद प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह, युवा अध्यक्ष सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे। लालू प्रसाद के अधिवक्ता प्रभात कुमार ने गुरुवार को सबसे पहले जमानत से संबंधित बेल बांड भरा। इसके बाद अदालत द्वारा निर्धारित की गई 10 लाख की निर्धारित राशि जमा कराई गई।
विदित हो कि चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे लालू यादव फिलहाल जेल की कस्टडी में दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं। बेल प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीद है कि वे डॉक्टरों के निर्देश के आधार पर पटना आएंगे या फिर कुछ दिन अस्पताल में ही रहने को लेकर फैसला लेंगे। झारखंड हाईकोर्ट ने 17 अप्रैल को लालू को जमानत दी थी। मगर झारखंड में अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से दूर रहने की वजह से बेल बांड सहित आगे की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही थी। इसके बाद बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने सर्कुलर जारी किया। इसके बाद लालू के अधिवक्ता ने बेल बांड फर्निश कर दिया और अन्य प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनकी रिलीज का ऑर्डर जारी कर दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.