पुलवामा हमले का साजिशकर्ता आतंकी लंबू मारा गया
पुलवामा। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों को शनिवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जवानों ने जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर के करीबी कहे जानेवाले लंबू को मार गिराया है। हंगलमार्ग के त्राल में हुए इस मुठभेड़ में एक और आतंकी भी मारा गया है। पाकिस्तान के टॉप मोस्ट वॉन्टेड आतंकवादियों में शामिल लंबू को इस्माइल, अदनान और सैफुल्ला जैसे कई नामों से जाना जाता था। अजहर के इस करीबी को ही 2019 में हुए पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड माना जाता है। उस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर शनिवार सुबह नामिबियान तथा मारसार वनक्षेत्र और दाचीगाम के इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि तलाश कर रहे दल पर आतंकवादियों ने गोलियां चलाई जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें दो आतंकवादी मारे गए।
कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से संबद्ध शीर्ष पाकिस्तानी आतंकवादी लंबू को आज मुठभेड़ में मार गिराया गया। उन्होंने बताया कि दूसरे आतंकवादी की पहचान की जा रही है। इस सफलता के लिए आईजीपी ने सेना और पुलिस को बधाई भी दी।
