संसद में गतिरोध दूर करें केंद्र और विपक्ष : नायडू

नई दिल्‍ली। राज्यसभा के सभापति एम वैंकेया नायडू ने केंद्र सरकार और विपक्ष के नेताओं से गुज़ारिश की है कि वे दोनों मिलकर संसद में वर्तमान में चल रहे गतिरोध का समाधान निकालें।   सूत्रों का कहना है कि इस गतिरोध को दूर करने के लिए सभापति ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, सदन के नेता पीयूष गोयल के साथ मिलकर बात की। साथ ही नायडू ने सदन के स्थगन के बाद गतिरोध के बारे में नेता प्रतिपक्ष राज्यसभा, मल्लिकार्जुन खड़गे से भी चर्चा की।
विदित हो कि बीते कुछ दिनों से विपक्ष ने किसान आंदोलन, पैगासस स्पाइवेयर, कोविड-19 और मंहगाई को लेकर सदन की कार्यवाही को बुरी तरह से बाधित कर रखा है। मानसून सत्र की शुरुआत 19 जुलाई 2021 से लेकर 13 अगस्त 2021 तक चलेगा। मंगलवार को भी लोकसभा और राज्‍यसभा को स्‍थगित करना पड़ा। विभिन्‍न मुद्दों पर विपक्षी दलों ने हंगामा किया और विभिन्‍न मुद्दों पर नारेबाजी करते रहे जिससे लोकसभा तीसरी बार शाम चार बजे तक और राज्‍यसभा को 4 अगस्‍त सुबह 11 बजे तक के लिए स्‍थगित कर दिया गया।मंगलवार  को कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने पेगासस प्रोजेक्‍ट मीडिया रिपोर्ट पर चर्चा कराने के लिए लोकसभा में स्‍थगन प्रस्‍ताव नोटिस दिया। विभिन्‍न मुद्दों पर विपक्षी दलों के सांसदों के हंगामे के कारण संसद के अपर हाउस को पहले मंगलवार 12 बजे तक के लिए स्‍थगित कर दिया गया था।
पेगासस जासूसी मामला और कुछ अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दोपहर करीब 12.10 बजे अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने करीब 40 मिनट तक हंगामे के बीच प्रश्नकाल चलाया। सदन की कार्यवाही आरंभ होते ही विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते हुए आसन के निकट पहुंच गए। लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने हंगामे के बीच प्रश्नकाल आरंभ कराया। विपक्षी सदस्यों ने जासूसी करना बंद करो, खेला होबे और प्रधानमंत्री जवाब दो के नारे लगाए। विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के बीच ही उपभोक्ता एवं खाद्य मामलों के मंत्री पीयूष गोयल, उनके साथ राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कुछ सदस्यों के पूरक प्रश्नों के उत्तर दिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.