हम बंगाल को सोनार बांग्ला बना देंगे : अमित शाह

कोलकाता। बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री व कद्दावर भाजपा नेता अमित शाह गुरुवार को राज्य के दौरे पर पहुंचे। गृहमंत्री अमित शाह ने कूचबिहार के मदन मोहन मंदिर का दौरा किया। इसके साथ ही कूचबिहार जिले के रास मेला ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री शाह ने एक बड़ा ऐलान  किया कि नारायणी सेना के नाम पर सेना में अलग बटालियन का गठन होगा। इस दौरान शाह ने बंगाल के लोगों से आह्वान किया कि आप मोदी जी को 5 साल दे दीजिए हम बंगाल को सोनार बांग्ला बना देंगे। उन्होंने कहा कि कूचबिहार से ही पूरे उत्तर बंगाल में परिवर्तन होगा। इस दौरान शाह ने ममता बनर्जी सरकार पर भी जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा हमने तय किया है कि प्रभु मदन मोहन के सानिध्य में जो मेला लगता है इसको राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध करके देशभर और दुनिया के टूरिस्ट का आकर्षण केंद्र बनाएंगे। उन्होंने कहा कि बंगाल के अंदर माहौल ऐसा कर दिया कि जय श्री राम बोलना माने गुनाह है। उन्होंने कहा कि अरे ममता दीदी बंगाल में जय श्री राम नहीं बोला जाएगा तो क्या पाकिस्तान में बोला जाएगा।अमित शाह ने कहा कि मोदी जी ने एक योजना बनाई है कि हर गरीबों के घर में अगर कोई बीमार होता है तो 5 लाख तक का उनका सारा खर्चा मोदी सरकार उठाती है लेकिन ये योजना आपको नहीं मिल रही क्योंकि ममता दीदी को ये योजना पसंद नहीं है।
ममता दीदी अब आप हमें गरीबों की सेवा करने से नहीं रोक सकती। मैं आपको कहता हूं कि आप मई के बाद हमें नहीं रोक पाएंगी क्योंकि आप मुख्यमंत्री ही नहीं रहेंगी। कूचबिहार में शाह ने कहा कि इस बार हम बंगाल में परिवर्तन करके रहेंगे। बंगाल में भाजपा की परिवर्तन यात्रा सोनार बांग्ला बनाने के लिए है। बंगाल को बम धमाकों से मुक्त कराकर हम युवाओं को रोजगार देंगे। उन्होंने कहा कि बंगाल का चुनाव इस बार ऐतिहासिक होगा। कूचबिहार से ही हम पूरे उत्तर बंगाल में परिवर्तन करेंगे।बंगाल में हम 200 से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.