भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट का निधन
हिसार (हरियाणा)। भाजपा नेत्री और टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट की मंगलवार को गोवा में हार्ट अटैक से मौत हो गई है। इससे जहां उनके प्रशंसक स्तब्ध रह गए वहीं उनके परिवार में भी मातम पसर गया। लोगों को भरोसा नहीं हो रहा कि मात्र 42 साल की उम्र में सोनाली इस दुनिया को अलविदा कह गई। उनकी मौत पर सवाल भी उठ रहे हैं। मौत से पहले सोनाली ने अपनी मां से आखिरी बात की थी। इसमें उन्होंने अपने ऊपर कुछ किए जाने का शक जताया था। सोनाली की मौत के बाद उनकी बहन ने इसका खुलासा किया है। सोनाली की बहन रुपेश ने कहा कि सोनाली ने मां से फोन पर हुई बात में कहा था कि मुझे मेरे खाने में गड़बड़ लग रही है, मेरे शरीर में गड़बड़ हो रही है जैसे किसी ने मेरे ऊपर कुछ किया हो।
आम आदमी पार्टी के नेता नवीन जयहिंद ने भी फोगाट की मौत पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सोनाली फोगाट की मौत संदिग्ध है। हाईकोर्ट के सिटिंग जज से सरकार इसकी जांच करवाए। वहीं कांग्रेस नेता योगेश सिहाग ने कहा कि बीजेपी शासित गोवा में बीजेपी नेत्री की संदिग्ध मौत अपने आप में कई सवाल खड़े कर रही है। जरूर इस मामले में बड़ी ताकतों का हाथ है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई ने सोनाली फोगाट के अकस्मात निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि इस सूचना से वे बेहद आहत हैं। सोनाली फोगाट बेहद मिलनसार एवं बेहतरीन कलाकार थी। परमपिता परमात्मा उनको अपने चरणों में स्थान दे तथा परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति दे।
सोनाली फोगाट की मौत की सूचना पर उनका परिवार भूथन से गोवा के लिए रवाना हो गया है। 2016 में सोनाली के पति संजय फोगाट भी फार्म हाउस में मृत मिले थे। फतेहाबाद के भूथन खुर्द में ढाका परिवार की बेटी सोनाली 22 से 25 तक अपने पूर्व निर्धारित गोवा टूर पर थी। वे अपने टिकटॉक वीडियो से चर्चा में रहती थीं।
