पांच प्रतिष्ठित हस्तियां भारत रत्न से सम्मानित
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में दो पूर्व प्रधानमंत्रियों (मरणोपरांत) और अनुभवी भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी समेत पांच प्रतिष्ठित हस्तियों को भारत रत्न से सम्मानित किया। भारत रत्न से सम्मानित होने वाली पांच हस्तियों में पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को छोड़कर बाकी सभी पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह तथा पी वी नरसिम्हा राव, प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत सम्मानित किया गया। आडवाणी को रविवार को सम्मान मिलेगा और राष्ट्रपति उनके घर जा कर ये सम्मान देंगी।
जिन हस्तियों को मणोपरांत सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया उनके परिजनों ने समारोह में भाग ले इस सर्वोच्च पुरस्कार को प्राप्त किया। पूर्व पीएम नरसिम्हा राव के बेटे पीवी प्रभाकर राव ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति से अपने पिता को मिले इस पुरस्कार को प्राप्त किया। इसी तरह चौधरी चरण सिंह के पोते और राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने समारोह में भाग लेकर राष्ट्रपति मुर्मू से सम्मान स्वीकार किया। एमएस स्वामीनाथन की बेटी नित्या राव और कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर ने राष्ट्रपति से भारत रत्न को प्राप्त किया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य लोग भी शामिल हुए।
