सुरक्षाबलों ने 29 नक्सलियो को किया ढेर

रायपुर। छत्तीसगढ जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को बीएसएफ और डीआरजी की संयुक्त कार्रवाई में 29 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। बताया जाता है कि बस्तर लोकसभा क्षेत्र में मतदान से तीन दिन पूर्व बिनागुंडा एवं कोरोनार के बीच हापाटोला जंगल में दोपहर डेढ़ से साढ़े चार बजे तक हुई कार्रवाई में मारे गए नक्सलियों की संख्या अभी और बढ़ने की उम्मीद है।मारे गए नक्सलियों में उनका कमांडर व 25 लाख रुपये का इनामी शंकर राव तथा 25 लाख की इनामी ललिता भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त माड क्षेत्र का नक्सली कमांडर राजू भी मारा गया है। नक्सलियों की जवाबी कार्रवाई में बीएसएफ के इंस्पेक्टर रमेश चंद्र चौधरी को पैर में गोली लगी है। डीआरजी के दो जवानों के भी घायल हुए हैं। तीनों को एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया है। नक्सलियों के विरुद्ध कार्रवाई में यह अबतक की सबसे बड़ी सफलता है।
बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज  ने बताया कि सुरक्षाबलों को एक सटीक जानकारी मिली कि उत्तरी बस्तर डिवीजन के नक्सली शंकर,  ललिता,  राजू समेत अन्य नक्सलियो के छोटे बेठिया पुलिस थाना क्षेत्र के अतर्गत बीनाकोंडा और कोरोनार के बीच हापाटोला गांव के आस.पास मौजूद हैं। इस खुफिया जानकारी के बाद छोटे बेठिया थाना क्षेत्र के बीएसएफ और जिला रिजर्वगार्ड की संयुक्त टीम एक्टिव हुई और तलाशी अभियान पर रवाना हुई। मंगलवार को लगभग दो बजे जैसे ही यह टीम वहां पहुंची तो नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों की कार्रवाई में 29 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया। नक्सलियों के पास से एके 47, एसएलआर राइफल, इंसास राइफल, बदुके और भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद किए गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्रवाई की सफलता पर जवानों को बधाई देते हुए कहा है कि सरकार प्रदेश को नक्सलियों से मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश की सुख शांति के लिए नक्सलियों से वार्ता और मुख्यधारा में वापसी के लिए रास्ते अभी भी खुले हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.