कोलकाता में पुलिस और छात्रों के बीच झडप
पुलिस ने भांजी लाठियां, की पानी की बाौछारें
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में छात्रों और पुलिस के बीच हुई झडप में जहां कई छात्र घायल हुए है वहीं कई पुलिसकर्मियों को भी चोटें आयी हैं। बताया जाता है कि छात्रों ने प्रशिक्षु डॉक्टर के दुष्कर्म एवं हत्या के परिप्रेक्ष्य में पीड़िता के लिए न्याय तथा महिला सुरक्षा में गिरावट को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। गैर.राजनीतिक छात्र समूह छात्र समाज ने मंगलवार को नवन्ना अभियान (सचिवालय मार्च) का आह्वान किया था। प्रशासन ने पुलिस की अनुमति नहीं लिये जाने का हवाला देते हुए मार्च को अवैध और गैरकानूनी घोषित कर दिया था। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने रैली निकाली।
प्राप्त रिपोर्टों के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने हावड़ा के सतरागाछी में बैरिकेड तोड़ दिया तथा यहां के स्टेशन पर रेलवे ट्रैक से पत्थर उठाकर फेंके जाने से कई पुलिसकर्मी घायल हो गये। हावड़ा और कोलकाता में झड़पों में कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट में प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछारें भी की गयीं। हावड़ा के फोरशोर रोड पर कोना एक्सप्रेस हाईवे पर कुछ और बैरिकेड्स गिरने पर सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज, पानी की बौछारें और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। पुलिस द्वारा किए गए लाठी चार्ज से कई छात्र धायल हो गए। हावड़ा ब्रिज पर भी राष्ट्रीय तिरेगा लेकर नारे लगा रहे प्रदर्शनकारियों पर भी पुलिस ने इसी तरह की कार्रवाई की। मार्च के आह्वान के मद्देनजर पुलिस ने सचिवालय के चारों ओर 19 जगहों पर बैरिकेडिंग की थी। सचिवालय की इमारत के चारों ओर लगभग छह हजार कर्मियों की बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया था जिसमें लड़ाकू बल, रैपिड एक्शन फोर्स , और बंगाल पुलिस तथा कोलकाता पुलिस के दंगा निरोधक दस्ते को तैनात कर दिया गया था। पुलिस ने राज्य सचिवालय तथा हावड़ा और कोलकाता के पड़ोसी इलाकों की ओर जाने वाली सड़कों पर बैरिकेड्स लगा दिए थे। प्रदर्शनकारियों ने दो जगहों पर इकट्ठा होकर सचिवालय की ओर बढ़ने की कोशिश की जहां पुलिस ने उन्हें नियंत्रित करने के लिए बल का प्रयोग किया।
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री सुबह ही सचिवालय स्थित अपने कार्यालय पहुंच गयी थी जहां सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा दायरा बढ़ा दिया था। इससे पहले कोलकाता से विद्यासागर सेतु के जरिए नवन्ना जाने वाली सड़क पर सोमवार रात से यातायात रोक दिया गया था। वहीं ग्रैंड ट्रंक रोड पर सुबह आठ बजे से यातायात रोक दिया गया जिससे कोलकाता और हावड़ा के बीच कार्यालय जाने वालों को असुविधा हुई। विपक्ष के नेता शुवेंदु अधिकारी ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस कार्रवाई को तत्काल रोकने की मांग की और प्रदर्शनकारियों पर पुलिस के अत्याचारों के विरोध में भाजपा द्वारा प्रदेशव्यापी बंद की धमकी दी।
